गौशाला जा रही महिला पर भालू ने किया हमला, ग्रामीणों में दहशत

चमोली : चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर निकटवर्ती गांव में रविवार को भालू ने हमला कर एक महिला को घायल कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में महिला को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती करवा दिया है। जहां महिला का उपचार किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को जंगल की ओर खदेड़ने की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार देवर गांव की पूजा देवी रविवार सुबह गौशाला जा रही थी। इस दौरान यहां रास्ते में घात लगाकर अचानक भालू ने महिला पर हमला कर दिया। जिस पर महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ऐसे में ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। जिससे पूजा की जान बचाई जा सकी। जिसके बाद पूजा के परिजनों और ग्रामीणों ने महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया है। जहां चिकित्सकों की ओर से महिला का उपचार किया जा रहा है।
वन क्षेत्राधिकारी आरती मैठाणी ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद मौके पर जा कर कर्मचारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला चिकित्साल पहुंचकर महिला के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं महिला के उपचार के लिये दिये जाने वाले मुआवजे के भुगतान की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। साथ गांव में गश्त लागाने के लिये कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।