भाजपा ने राजनैतिक द्वेष के चलते रोका पूर्ववर्ती सरकारों की योजनाओं का कार्य

- गोपेश्वर में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में बोले पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र भंडारी
गोपेश्वर : भाजपा सरकार ने राजनैतिक द्वेष के चलते चमोली के लिये स्वीकृत पूर्ववर्ती सरकारों की योजनाओं को रोकने का काम किया है। जिससे जिले में होने वाले विकास की गति रुक गयी है। ऐसे में जिले और राज्य के विकास के लिये जनता को कांग्रेस को सत्ता में लाना होगा। जिससे विकास को गति मिलने के साथ ही महंगाई व बेरोजगारी पर रोक लग सकेगी। यह बात सोमवार को पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र भंडारी गोपेश्वर में आयोजित जनसभा में कही।
गोपेश्वर में आयोजित जनसभा में राजेंद्र भंडारी ने कहा कि पूर्व में पोखरी में राज्य का पहला सरकारी बीफार्मा कॉलेज खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। लेकिन वर्तमान सरकार की ओर से उस पर रोक लगाने का कार्य किया गया। वहीं गोपेश्वर के लिये स्वीकृत बेस चिकित्सालय का निर्माण करने के बजाय स्वीकृति को लेकर जनता को बरगलाने का कार्य किया गया है। वहीं उन्होंने भाजपा नेताओं से बीते पांच वर्षों में गोपेश्वर के लिये भविष्य की कोई योजना बताने की चुनौती दी। कहा कि भाजपा की ओर से जनता से छल कर सत्ता हासिल की गई है। कहा युवाओं को रोजगार और जनता को महंगाई कम करने के नाम पर भाजपा ने छलने का कार्य किया है। कहा कि यदि बदरीनाथ की जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो गोपेश्वर में मेडिकल कॉलेज खोलना और गोपेश्वर में मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ उन्होंने रुकी हुई सड़कों का निर्माण कराने, पीपलकोटी और रविग्राम ख्ेल मैदान निर्माण, बीफार्मा कॉलेज पोखरी का निर्माण, पैनखंडा को केंद्रीय सूची में शामिल करवाने का भी भरोसा दिलाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजनी भंडारी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के पद तक जनता के आशीर्वाद से पहुंची। लेकिन भाजपा की ओर से लगातार एक ही मामले की जांच को लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। वहीं लम्बे समय तक डीपीसी का गठन न कर जिला पंचायत को कार्य करने से रोका गया है। कहा कि अब डीपीसी का गठन हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष होने के नाते वे जिला पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर योजनाओं का नियोजन व क्रियांवयन करवायेंगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, नपा अध्यक्ष जोशीमठ शैलेंद्र पंवार, मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, अरविंद नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष घाट सुखवीर रौतेला, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह, जिला महामंत्री प्रभाकर भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगर अध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष ऊषा रावत, अनीता देवी, रैजा चौधरी, दशोली ब्लॉक प्रमुख बिनीता देवी, संदीप नेगी, मुकुल बिष्ट, ओम प्रकाश नेगी, अरविंद नेगी, अन्नू कठैत, रविन्द्र नेगी, योगेंद्र बिष्ट अदि मौजूद थे।