आप कार्यकार्ताओं ने अखबार के कतरनों की प्रदर्शनी लगाकर 21 साल का लेखाजोखा जनता के बीच रखा

गोपेश्वर: आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर गोपेश्वर में अखबार के कतरनों की प्रदर्शनी लगाकर राज्य के सूरत-ए-हाल के 21 वर्षों का लेखा-जोखा जनता के बीच रखा। कहा कि कांग्रेस और भाजपा की ओर से 21 वर्षों में बारी-बारी कार्य किया। लेकिन वर्तमान तक भी शहीदों के सपनों के उत्तराखंड का निर्माण नहीं किया जा सका है।
आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर भट्ट ने कहा कि इन 21 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से सत्ता संभाली है लेकिन जन भावनाओं के अनुरूप कोई कार्य नहीं किया है। वर्तमान तक भी प्रदेश की स्थिति यथावत बनी हुई है। जबकि सत्ता पाने की लालसा में दोनों ही पार्टियों ने जनता को खूब छला है। सत्ता में बने रहने के लिए जनता के साथ वायदे तो खूब किये गये लेकिन सत्ता पाते ही अपने ही वायदों को भूल गये और सत्ता का उपभोग करने में ही मस्त रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी दोनों पार्टियां एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाकर जनता को गुमराह करने पर लगे है लेकिन जनता के बीच जाकर यह बताने को कोई तैयार नहीं है कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए प्रदेशवासियों के हितों के लिए क्या-क्या कार्य किये है। उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले समय में दोनों की दलों को नकारते हुए आम आदमी पार्टी के साथ खडे होकर दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड के विकास की मुहिम में अपना योगदान दें। इस मौके पर भवान सिंह चैहान, अनूप सिंह रावत, सूरज घरिया, कुलदीप सिंह नेगी, मनोज डुंगरियाल, प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद थे।